मध्य प्रदेश में मौसम का कहर: भोपाल-ग्वालियर सहित 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में लगातार चौथे दिन भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भोपाल, ग्वालियर सहित 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य भाग से एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि ऊपरी स्तर पर एक और सिस्टम सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में दो चक्रवाती सिस्टम भी बने हुए हैं।
इन सिस्टम्स के संयुक्त असर से प्रदेश के 30 से 35 जिलों में रोजाना मौसम बदल रहा है। शनिवार को जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज आंधी-बारिश का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अप्रैल तक प्रदेश में तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहेगी।
इसके अलावा 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
हालांकि, इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा और गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान में तेजी आएगी और महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में लू चलने की भी संभावना जताई गई है।






