हनुमान जयंती पर सुनील लहरी का संदेश, बोले- ओबामा भी हैं बजरंगबली के भक्त

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर ‘रामायण’ सीरियल में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले मशहूर अभिनेता सुनील लहरी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और बजरंगबली की महिमा का गुणगान किया।
सुनील लहरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “जय बजरंग बली! आप सभी को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।”
उन्होंने बताया कि इस खास अवसर पर वह मुंबई स्थित एक हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे और विश्व में चल रहे संकट को दूर करने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हनुमान ही ऐसे देवता हैं, जो हर संकट का समाधान कर सकते हैं।
वीडियो में सुनील लहरी ने हनुमान जी की विशेषताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बजरंगबली को बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पूजते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी हनुमान जी के प्रति श्रद्धा रखते हैं।
सुनील लहरी ने हनुमान जी को शक्ति, बुद्धि, चतुराई और सरलता का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि यही गुण उन्हें सबसे अलग बनाते हैं।
अंत में उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और स्वास्थ्य की कामना की और “जय श्री राम” का उद्घोष किया।
उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भक्तों के बीच उत्साह और आस्था का माहौल और भी प्रगाढ़ कर रहा है।






