कोलकाता पहुंचे अमित शाह, शुभेंदु अधिकारी के नामांकन में होंगे शामिल, भवानीपुर में बढ़ी सियासी हलचल

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार देर रात कोलकाता पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
भाजपा के अनुसार, अमित शाह गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर रहे हैं, जिससे यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
नामांकन से पहले हाजरा मोड़ से सर्वे बिल्डिंग तक एक भव्य रैली निकाली जाएगी। इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी इस रैली में हिस्सा लेंगे और इसके बाद नामांकन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह नामांकन केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम है। पार्टी इस आयोजन के जरिए शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी कर रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने रैली मार्ग और नामांकन स्थल के आसपास कड़े इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। कई क्षेत्रों में नो एंट्री लागू की गई है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
गौरतलब है कि भवानीपुर विधानसभा सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक मानी जाती है। यहां गुजराती और हिंदी भाषी मतदाताओं की अच्छी संख्या है, जबकि करीब 17 प्रतिशत मतदाता मुस्लिम समुदाय से आते हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस सीट पर अपनी जीत का दावा किया है, वहीं शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह वर्तमान में विधायक हैं। इस कारण आगामी चुनाव में यह मुकाबला राज्य की राजनीति का केंद्र बिंदु बन गया है।






