विलियम वॉल्श इंडिगो के नए सीईओ होंगे, अगस्त में संभालेंगे कार्यभार

देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो (इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड) ने विलियम वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है।
कंपनी के बोर्ड ने मंगलवार को हुई बैठक में इस नियुक्ति को मंजूरी दी। वॉल्श के 3 अगस्त तक पदभार संभालने की उम्मीद है।
‘विली’ के नाम से मशहूर विलियम वॉल्श वर्तमान में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के महानिदेशक हैं, जहां उनका कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त होगा। इसके बाद वह इंडिगो में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।
वॉल्श इससे पहले ब्रिटिश एयरवेज के प्रमुख रह चुके हैं और वैश्विक विमानन क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव है।
इंडिगो द्वारा यह नियुक्ति ऐसे समय में की गई है, जब कंपनी अंतरराष्ट्रीय विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में इंडिगो के पूर्व CEO पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के बाद यह पद खाली हुआ था। ऐसे में वॉल्श की नियुक्ति कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वॉल्श के नेतृत्व में इंडिगो अपने वैश्विक नेटवर्क को और मजबूत कर सकती है तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पकड़ बढ़ा सकती है।






