मोहन यादव वाराणसी पहुंचे, काशी विश्वनाथ मंदिर में किए दर्शन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना और अभिषेक किया।
मुख्यमंत्री का स्वागत लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने किया। इस मौके पर राकेश सचान और गिरीश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण कर वहां की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और तीर्थयात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर प्रबंधन से जुड़ी जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने मां गंगा के तटों का भी निरीक्षण किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का प्रबंधन अत्यंत उत्कृष्ट है और इसकी परिकल्पना नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत अच्छा कार्य हुआ है, जिसमें योगी आदित्यनाथ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी, खासकर धार्मिक पर्यटन और लघु उद्योगों के क्षेत्र में। उन्होंने बनारसी साड़ी की तरह मध्य प्रदेश की चंदेरी और महेश्वरी साड़ियों को भी बढ़ावा देने की बात कही।






