भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल चुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी।

इस सूची के साथ ही पार्टी अब तक 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 287 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, जबकि अब केवल सात सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित होना बाकी है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की स्वीकृति के बाद जारी इस सूची में 13 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें सिताई (एससी) से आशुतोष वर्मा, नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर राय, बागदा (एससी) से सोमा ठाकुर, मोगराहाट पूर्व (एससी) से उत्तम कुमार बनिक, फलता से देबांशु पांडा और सोनारपुर उत्तर से देबाशीष धर को उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके अलावा चौरंगी से संतोष पाठक, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाटी, पांचला से रंजन कुमार पाल, चांदीपुर से डॉ. पीयूष कांति दास, गड़बेता से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा और बाराबनी से अरिजीत राय को टिकट दिया गया है।

पार्टी ने एक बदलाव करते हुए मयनागुड़ी (एससी) सीट से पहले घोषित उम्मीदवार को बदलकर दलीम राय को नया प्रत्याशी बनाया है।

राज्य में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

भाजपा की यह सूची चुनावी रणनीति के तहत अहम मानी जा रही है, जिससे पार्टी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

Share

Similar Posts