दिल्ली में छात्राओं को सशक्त बनाने की पहल, सीएम रेखा गुप्ता ने 1100 बेटियों को बांटी साइकिल

रेखा गुप्ता ने दुर्गा अष्टमी के अवसर पर छात्राओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की। यह कार्यक्रम पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में आयोजित किया गया, जहां साइकिल पाकर कई छात्राएं भावुक हो उठीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बेटियों को ‘देवी स्वरूपा’ बताते हुए कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने हालिया बजट में महिलाओं और बेटियों के लिए कई योजनाओं को प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने ‘लखपति बिटिया योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब दिल्ली में जन्म लेने वाली हर बेटी के भविष्य की आर्थिक नींव सरकार रखेगी। इस योजना के तहत जन्म से लेकर शिक्षा के विभिन्न चरणों तक सरकार आर्थिक सहायता प्रदान करेगी और ग्रेजुएशन तक एक बेटी को लगभग 1.25 लाख रुपये की मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कई छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती थी, जिसके कारण पढ़ाई प्रभावित होती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने हर साल 10वीं में पहुंचने वाली छात्राओं को साइकिल देने का निर्णय लिया है। इस वर्ष करीब 1.30 लाख छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नौवीं पास करने वाली छात्राओं को साइकिल सरकारी योजना के तहत दी जाएगी, जबकि इस कार्यक्रम में 10वीं की छात्राओं को उन्होंने व्यक्तिगत पहल के तहत साइकिल भेंट की है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद भी किया। कई छात्राओं ने अपने सपने साझा किए—किसी ने आईएएस बनने की इच्छा जताई तो किसी ने साइकिल मिलने से समय पर स्कूल पहुंचने की खुशी व्यक्त की। छात्राओं ने सरकार की इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर बेटी के साथ खड़ी है और उनका उद्देश्य है कि दिल्ली की हर बेटी शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बने। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए निडर होकर आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करें।






