पश्चिम बंगाल चुनाव: बीजेपी ने जारी की 19 उम्मीदवारों की नई सूची, रत्ना देबनाथ को टिकट

आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 19 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है, जिसमें कई चर्चित नाम शामिल हैं।
नई सूची में सबसे प्रमुख नाम रत्ना देबनाथ का है, जिन्हें उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। रत्ना देबनाथ आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े चर्चित हत्याकांड की पीड़िता की मां हैं और वे लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर मुखर रही हैं।
बीजेपी द्वारा जारी सूची के अनुसार, रथीन्द्र नाथ बोस को कूचबिहार दक्षिण, डॉ. शंकर गुच्छैत को मेदिनीपुर और बिप्लब मंडल को हावड़ा मध्य विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जिसने राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा खड़ा कर दिया था। इस मामले को लेकर रत्ना देबनाथ लगातार सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाती रही हैं और आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाने में बाधाएं उत्पन्न की गईं।
बीजेपी की यह नई सूची ऐसे समय में आई है जब राज्य में चुनावी माहौल गर्म होता जा रहा है। पार्टी इस बार कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर चुनावी मैदान में उतर रही है, जिससे बंगाल की राजनीति में मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।






