दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और विधानसभा परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, आपदा प्रबंधन दल और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर विधानसभा परिसर के हर हिस्से की गहन जांच की। हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
जांच एजेंसियों और उत्तरी जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया और परिसर के अंदर-बाहर सभी क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। एहतियात के तौर पर विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और आने-जाने वाले लोगों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और साइबर टीम को अलर्ट पर रखा गया है। ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र के मंदिर को इस तरह से डराने की कोशिश निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी धमकियां उन्हें उनके संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन से नहीं रोक सकतीं।






