विनिर्माण क्षेत्र में स्टार्टअप नवाचार को बढ़ावा देने के लिए डीपीआईआईटी और ब्लू स्टार के बीच करार

भारत में विनिर्माण क्षेत्र में स्टार्टअप नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) और एयर कंडीशनिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ब्लू स्टार लिमिटेड के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस समझौते पर डीपीआईआईटी के उप सचिव टीएलके सिंह और ब्लू स्टार लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बी थियागराजन ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य देशभर के स्टार्टअप्स और उद्यमियों को तकनीकी, संरचनात्मक और व्यावसायिक सहयोग प्रदान करना है।

यह पहल विशेष रूप से एचवीएसी तकनीक, डिजिटल सॉल्यूशंस, उन्नत विनिर्माण प्रक्रियाओं और सप्लाई चेन इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में कार्यरत उत्पाद आधारित स्टार्टअप्स को सशक्त बनाएगी। इसके तहत स्टार्टअप्स को उद्योग विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्रयोगशालाओं, परीक्षण सुविधाओं और बाजार से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।

साझेदारी के अंतर्गत स्टार्टअप्स को प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट (PoC) विकास, उत्पाद सत्यापन और उद्योग मूल्य श्रृंखला में एकीकरण के लिए भी सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे नवाचारों को व्यावहारिक रूप से लागू करने और उन्हें बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, इस पहल के जरिए संरचित मेंटरशिप प्रोग्राम, तकनीकी सहायता और नियमित संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्टार्टअप्स अपने उत्पादों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप विकसित कर सकें।

डीपीआईआईटी और ब्लू स्टार मिलकर भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज के तहत नवाचार प्रतियोगिताओं और लक्षित हैकाथॉन आयोजित करने की संभावनाओं पर भी काम करेंगे, जो विशेष रूप से एचवीएसी और विनिर्माण क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।

डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव संजीव ने इस साझेदारी को विनिर्माण क्षेत्र में उद्योग-आधारित नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल स्टार्टअप्स को वास्तविक समस्याओं पर काम करने और उनके समाधान को बड़े स्तर पर लागू करने में मदद करती है।

Share

Similar Posts