अगले हफ्ते IPO बाजार में हलचल: 7 नए इश्यू खुलेंगे, 4 कंपनियों की होगी लिस्टिंग

आगामी कारोबारी सप्ताह में प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त हलचल देखने को मिलेगी। 23 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह के दौरान कुल सात कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च करेंगी, जबकि चार कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग भी होगी।
इन सात आईपीओ में तीन मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि चार एसएमई सेगमेंट के इश्यू शामिल हैं।
सप्ताह के पहले दिन 23 मार्च को टिपको इंजीनियरिंग का आईपीओ खुलेगा, जिसमें 25 मार्च तक निवेशक बोली लगा सकेंगे। इसके बाद 24 मार्च को साई पैरेंटेरल्स, अमीर चंद जगदीश कुमार और पावरिका लिमिटेड के आईपीओ खुलेंगे, जिनमें 27 मार्च तक निवेश किया जा सकेगा।
इसी दिन हाईनेस माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स का एसएमई आईपीओ भी खुलेगा। इसके बाद 25 मार्च को विविड इलेक्ट्रोमेक का आईपीओ आएगा, जिसमें 30 मार्च तक बोली लगाई जा सकेगी। सप्ताह के आखिरी दिन 27 मार्च को एमिएक टेक्नोलॉजीज का आईपीओ खुलेगा, जिसकी क्लोजिंग 8 अप्रैल को होगी।
इसके अलावा पिछले सप्ताह खुले दो आईपीओ—स्पेशियलिटी मेडिसिन्स और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड—में भी निवेशक 24 मार्च तक बोली लगा सकेंगे।
जहां तक लिस्टिंग का सवाल है, तो इस सप्ताह चार कंपनियां शेयर बाजार में एंट्री करेंगी। 23 मार्च को इनोविजन, 24 मार्च को जीएसपी क्रॉप साइंसेज और राजमार्ग इंफ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट, जबकि 25 मार्च को नोवस लॉयल्टी के शेयर लिस्ट हो सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, आईपीओ की बढ़ती संख्या यह संकेत देती है कि बाजार में निवेशकों की रुचि बनी हुई है, हालांकि वैश्विक और घरेलू परिस्थितियों के कारण निवेशकों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है।






