|

अमृतसर रंधावा सुसाइड केस में बवाल: पूर्व मंत्री भुल्लर समेत तीन पर केस दर्ज, विपक्ष का घेराव ऐलान

पंजाब के अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। मामले में लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता और निजी सचिव के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

शनिवार देर रात तक चले हंगामे के बाद पंजाब पुलिस ने रविवार तड़के यह कार्रवाई की। यह कदम विपक्ष के दबाव और बढ़ते विवाद के बीच उठाया गया।

इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्य सचिव और डीजीपी से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की। वहीं कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान कर दिया है।

बताया जा रहा है कि गगनदीप सिंह रंधावा ने आत्महत्या से पहले पूर्व मंत्री भुल्लर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी मौत के बाद विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और भाजपा नेता सुनील जाखड़ अमृतसर पहुंचे और आंदोलन का ऐलान किया।

विपक्ष के दबाव के बीच सरकार ने तत्काल प्रभाव से लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया। हालांकि, मृतक के परिजन और विपक्ष आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस ने रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भुल्लर ने परिवार को गंभीर धमकियां दी थीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351(3) (जानलेवा धमकी) और 3(5) (साझा अपराध) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Similar Posts