खाड़ी संकट का असर: टी20 वर्ल्ड कप टीमों की घर वापसी में देरी, आईसीसी ने दी जानकारी

खाड़ी क्षेत्र में जारी संकट का असर अब आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से जुड़ी टीमों की यात्रा पर भी पड़ने लगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को बताया कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली कुछ टीमों के खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और उनके परिवारों की घर वापसी में देरी हो रही है।

आईसीसी के अनुसार, जिन टीमों का टूर्नामेंट में अभियान समाप्त हो चुका है, उनके सदस्य जल्द से जल्द अपने घर लौटना चाहते हैं, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में जारी संकट के कारण यह फिलहाल संभव नहीं हो पाया है।

उड़ानों पर पड़ा असर

आईसीसी ने बताया कि मौजूदा हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में मिसाइल चेतावनियां जारी की जा रही हैं। इसके चलते कई उड़ानों के मार्ग बदलने पड़े हैं और कई कमर्शियल व चार्टर फ्लाइट्स को रद्द या पुनर्निर्धारित करना पड़ा है।

परिषद ने स्पष्ट किया कि ये परिस्थितियां आईसीसी के नियंत्रण से बाहर हैं, जिससे खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन की यात्रा व्यवस्था सामान्य से अधिक जटिल और समय लेने वाली हो गई है।

लगातार संपर्क में है आईसीसी

आईसीसी ने बताया कि वह स्थिति को संभालने के लिए एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटर, एयरपोर्ट प्राधिकरण, ग्राउंड हैंडलर और विभिन्न देशों की सरकारी एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षित घर वापसी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जा सके।

दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज टीम की यात्रा व्यवस्था

वर्तमान योजना के अनुसार दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के सदस्य आज रात से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होना शुरू करेंगे और अगले 36 घंटों के भीतर सभी के प्रस्थान की उम्मीद है।

वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के 9 सदस्य पहले ही कैरेबियन के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्य अगले 24 घंटों के भीतर भारत से उड़ान भरेंगे

अफवाहों को बताया भ्रामक

आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि इन फैसलों के पीछे केवल सुरक्षा, व्यवहारिकता और खिलाड़ियों के कल्याण को ध्यान में रखा गया है। मीडिया में चल रही कुछ अटकलों को परिषद ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।

परिषद ने कहा कि अलग-अलग टीमों की यात्रा व्यवस्था की तुलना करना सही नहीं है, क्योंकि हर मामले में परिस्थितियां, यात्रा मार्ग और उड़ान विकल्प अलग-अलग होते हैं।

आईसीसी ने दोहराया कि इस पूरे समय उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता खिलाड़ियों और उनके परिवारों की सुरक्षा और भलाई है। जब तक यात्रा व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक किसी को भी रवाना नहीं किया जाएगा।

Share