कच्चे तेल की कीमत में 6% से अधिक की गिरावट, भारत को राहत मिलने की उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत में आज लगभग 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के कारण ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

पिछले सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 119 डॉलर के स्तर को पार कर गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होने के संकेत दिए जाने के बाद कल ही ब्रेंट क्रूड 98.96 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। आज सुबह कारोबार शुरू होते ही ब्रेंट क्रूड 88.22 डॉलर प्रति बैरल तक लुढ़क गया, लेकिन दोपहर तक इसकी कीमत में कुछ सुधार हुआ और यह 92.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

WTI क्रूड ने सोमवार को 119 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार किया था, लेकिन आज यह 84.43 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गया। दोपहर 11 बजे तक इसका स्तर 88.38 डॉलर प्रति बैरल रहा।

ब्रेंट और WTI फ्यूचर्स में भी क्रमशः 6.66 प्रतिशत और 6.50 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान युद्ध को लेकर आने वाले कुछ दिन तक कच्चे तेल की कीमत में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

हालांकि, इस गिरावट से भारत जैसे तेल आयात पर निर्भर देशों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस समय तेल की कीमत में नरमी से देश की ऊर्जा लागत में कमी आने और विदेशी आयात पर दबाव कम होने की संभावना है।

Share

Similar Posts