अमित शाह ने ओडिशा में 3,770 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ओडिशा में लगभग 3,770 करोड़ रुपये से अधिक की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में दुग्ध विकास, उर्वरक उद्योग और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम पहल शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के अंतर्गत राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड (NDDB), ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ की विकास पहल और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं।
पारादीप में सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र का उद्घाटन
अमित शाह ने इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) की पारादीप इकाई में सल्फ्यूरिक एसिड के तीसरे संयंत्र का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र घरेलू उत्पादन को मजबूत करेगा और रसायन क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा।
फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी परिसर की रखी आधारशिला
गृह मंत्री ने ओडिशा में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) के एक नए परिसर की आधारशिला भी रखी और इसके अस्थायी परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में फॉरेंसिक शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी।
नक्सलवाद खत्म करने का भरोसा
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद (नक्सलवाद) को समाप्त करने के प्रयास तेज कर दिए हैं और उम्मीद जताई कि देश जल्द ही इस समस्या से मुक्त हो जाएगा।
अमूल मॉडल पर सहकारी ढांचा मजबूत करने की योजना
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र और ओडिशा सरकार मिलकर अमूल मॉडल की तरह राज्य के हर गांव में मजबूत सहकारी ढांचा विकसित करने के लिए काम कर रही हैं। इससे किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सीधे लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ओडिशा के औद्योगिक विकास, कृषि क्षेत्र और सहकारी ढांचे को नई गति मिलेगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।






