राजस्थान में सुबह भूकंप के हल्के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5

राजस्थान में शनिवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। सबसे अधिक असर सीकर जिले और आसपास के क्षेत्रों में महसूस हुआ।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र जयपुर से करीब 69 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में था और धरती की सतह से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप के झटके सुबह करीब 6:30 बजे महसूस किए गए और कुछ सेकेंड तक ही रहे।

सीकर जिले के खाटूश्यामजी, पलसाना, धींगपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया। झटके के दौरान कई लोग घरों से बाहर निकल आए। पलसाना क्षेत्र के लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान उनके घरों के खिड़की-दरवाजे भी हिले, लेकिन किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह हल्का भूकंप सामान्य भूकंपीय गतिविधि का हिस्सा है और इससे कोई गंभीर खतरा नहीं है।

Share

Similar Posts