जन्मदिन पर सेवा का संकल्प: Shivraj Singh Chouhan आज मनाएंगे ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Shivraj Singh Chouhan आज अपना 67वां जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मना रहे हैं। इस अवसर पर वे समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकल्प लेंगे और नई योजनाओं की शुरुआत करेंगे।
विदिशा में होंगे मुख्य कार्यक्रम
अपने जन्मदिन के मौके पर Shivraj Singh Chouhan Vidisha में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र की जनता को कई सौगातें देंगे और मामा कोचिंग क्लासेस, प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान और मामा चलित अस्पताल जैसी योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
समर्थकों से की खास अपील
उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की है कि जन्मदिन पर होर्डिंग, शॉल या बुके लेकर न आएं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पौधा लगाएं। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को बचाने का यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।
जन्मदिन पर पौधे लगाने वाले लोग क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर ‘शिव वृक्ष मित्र’ बन सकेंगे।
‘मामा कोचिंग क्लासेस’ से छात्रों को मदद
विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत की जाएगी। इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरुंदा से होगी। यहां छात्रों को बैंकिंग, एसएससी, एमपी पीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी।
‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत
अपने माता-पिता की स्मृति में Shivraj Singh Chouhan ने ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10वीं और 12वीं के टॉप छात्रों को 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लोकसभा स्तर पर भी शीर्ष तीन विद्यार्थियों को विशेष सम्मान मिलेगा।
‘मामा चलित अस्पताल’ से गांव-गांव इलाज
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में ‘मामा चलित अस्पताल’ शुरू किए जाएंगे। आधुनिक जांच उपकरणों और चिकित्सकों की टीम से लैस यह मोबाइल अस्पताल गांव-गांव जाकर लोगों को निःशुल्क उपचार और परामर्श उपलब्ध कराएगा।
दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकें।
Shivraj Singh Chouhan का कहना है कि जन्मदिन को केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और समाज के लिए संकल्प का अवसर बनाना चाहिए। इसी सोच के साथ वे इस दिन को ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मना रहे हैं।






