कनाडा में सड़क हादसे में यमुनानगर के छात्र की मौत, परिवार ने शव भारत लाने की लगाई गुहार

कनाडा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के यमुनानगर निवासी 24 वर्षीय भारतीय छात्र उधम प्रीत सिंह की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने एक मित्र के साथ टोरांटो घूमने जा रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि उधम प्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाजरत है।

जानकारी के अनुसार, उधम प्रीत सिंह वर्ष 2021 में स्टडी वीजा पर कनाडा गए थे। वह ब्रैम्पटन में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम से दो दिन की छुट्टी मिलने के बाद वह अपने दोस्त के साथ कार से घूमने निकले थे। इसी दौरान राजमार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

देर रात हादसे की सूचना जैसे ही भारत पहुंची, परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अब केंद्र और राज्य सरकार से मांग कर रहे हैं कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर शव को जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।

परिवार के अनुसार, उधम प्रीत सिंह दिसंबर 2025 में माता-पिता की शादी की सिल्वर जुबली मनाने के लिए घर आए थे और इस वर्ष दोबारा भारत लौटने की योजना बना रहे थे। हादसे से एक दिन पहले ही उन्होंने फोन पर परिवार से बातचीत की थी, जो अब उनकी आखिरी याद बनकर रह गई है।

परिजनों ने बताया कि विदेश में बेहतर भविष्य बनाने का सपना उन्होंने लंबे समय से देखा था। बेटे की पढ़ाई और करियर के लिए पिता गुरविंद्र सिंह ने अपनी जमीन तक बेच दी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने भी सरकार से अपील की है कि मानवीय आधार पर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर पार्थिव शरीर को भारत लाने में मदद की जाए।

Share

Similar Posts