‘ओ रोमियो’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार धीमी, 12वें दिन भी मामूली बढ़त के साथ 59 करोड़ के पार

बॉलीवुड फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखने में सफल रही। हालांकि दूसरे हफ्ते में प्रवेश करते ही फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। इसके बावजूद फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एक अहम आंकड़ा पार कर लिया है।

निर्देशक विशाल भारद्वाज की इस मल्टीस्टारर फिल्म ने पहले हफ्ते में संतोषजनक प्रदर्शन किया था। लेकिन अब दर्शकों की संख्या में गिरावट के चलते कमाई में हल्की कमी देखने को मिल रही है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 11वें दिन करीब 1.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि 12वें दिन इसमें हल्की बढ़त के साथ 1.65 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। इसी के साथ फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 59.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

कमाई में गिरावट के बावजूद निर्देशक विशाल भारद्वाज ने फिल्म के प्रदर्शन को सकारात्मक बताया है और इसे अपनी सफल फिल्मों की सूची में शामिल किया है। फिल्म की कहानी, विजुअल स्टाइल और म्यूजिक को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, जिसकी वजह से इसकी रफ्तार धीरे-धीरे कम होती दिख रही है।

फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खासा पसंद किया है। वहीं, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया, विक्रांत मैसी और फरीदा जलाल जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को मल्टीस्टारर अपील दी है।

अगर ग्लोबल बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘ओ रोमियो’ ने दुनियाभर में अब तक करीब 92 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वीकेंड में फिल्म की कमाई स्थिर रहती है, तो यह जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।

फिलहाल, फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बनाए रखना है। आने वाले दिनों में नई रिलीज़ फिल्मों से मिलने वाली टक्कर यह तय करेगी कि ‘ओ रोमियो’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी दौड़ तय कर पाती है।

Share

Similar Posts