रेखा गुप्ता का केरल भाजपा पार्षदों से संवाद, बोलीं – “राज्य में परिवर्तन की आहट”

नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में केरल से आए 115 पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तिरुवनंतपुरम के महापौर वीवी राजेश के नेतृत्व में आए इन जनप्रतिनिधियों के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना और सुशासन की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि केरल में इतनी बड़ी संख्या में भाजपा पार्षदों का चुना जाना राज्य में परिवर्तन की स्पष्ट आहट है। उन्होंने कहा, “यह एक नई सुबह का संकेत है, जो केरल को विकास और सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ाएगी।”

उन्होंने केरल की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राज्य लंबे समय से विकास की गति से पीछे रहा है और अब जनता बदलाव चाहती है।

कार्यक्रम में केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और दिल्ली के महापौर राजा इकबाल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की विचारधारा के साथ भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ तक पहुंचकर संगठन को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित केरल का विजन भी दोहराया।

Share

Similar Posts