ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार

ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार पिछले सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए, जिससे निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा है। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है, जिससे कुछ हद तक राहत के संकेत मिले हैं। यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के कारण अमेरिकी बाजारों में दबाव देखने को मिला। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,917.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक 335.60 अंक यानी 1.42 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। इसके विपरीत, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज 96.47 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 49,337.46 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिख रहा है।

यूरोपीय बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.26 प्रतिशत गिरकर 10,314.59 अंक पर बंद हुआ, जबकि फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की हल्की कमजोरी के साथ 8,179.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी 0.07 प्रतिशत लुढ़ककर 24,780.79 अंक के स्तर पर आ गया।

एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से पांच सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,949.33 अंक पर है, जबकि ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.21 प्रतिशत चढ़कर 32,262.87 अंक तक पहुंच गया है।

कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.06 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ 5,343.99 अंक पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.28 प्रतिशत मजबूत होकर 1,339.85 अंक पर बना हुआ है। दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,752.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जिससे घरेलू बाजार में कमजोर शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।

जापान का निक्केई इंडेक्स 0.52 प्रतिशत गिरकर 54,436 अंक पर आ गया है। वहीं हैंग सेंग इंडेक्स 0.37 प्रतिशत टूटकर 26,736 अंक, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.38 प्रतिशत गिरकर 8,092.02 अंक और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स मामूली कमजोरी के साथ 4,067.67 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

Share

Similar Posts