कश्मीर में 4.7 तीव्रता का भूकंप, सुबह-सुबह झटकों से लोगों में दहशत

सोमवार सुबह बारामूला जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। अधिकारियों के अनुसार भूकंप सुबह करीब 5:35 बजे आया, जिसका केंद्र पट्टन क्षेत्र में स्थित था। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
भूकंप चेतावनी प्रणाली से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसका केंद्र हंजीवेरा बाला से लगभग पांच किलोमीटर दूर बताया गया है। झटके जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में महसूस किए गए, जिनमें श्रीनगर, बारामूला, सोपोर, गांदरबल और पुलवामा शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तड़के आए झटकों से वे नींद से जाग गए और कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ क्षेत्रों में खिड़कियां, दरवाजे और घरेलू सामान हिलते नजर आए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप भोर के समय आने के कारण चिंता और अधिक बढ़ गई, क्योंकि अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे।
प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।






