भोपाल में आज खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य समापन, राज्यपाल मंगुभाई पटेल होंगे मुख्य अतिथि

प्रदेश में युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य समापन समारोह आज शनिवार को शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय अवसर पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समापन समारोह के दौरान खेलो एमपी यूथ गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संभागों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान खिलाड़ियों के परिश्रम, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाएगा।
आयोजन को लेकर प्रशासन सतर्क
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समापन समारोह की सभी व्यवस्थाएं गरिमामय, सुव्यवस्थित और समयबद्ध हों। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों के लिए सम्मान और प्रेरणा का अवसर बनेगा।
28 खेलों में 1 लाख से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता
गौरतलब है कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ 13 जनवरी 2026 को हुआ था। इस दौरान प्रदेशभर में 28 विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर लगभग 1 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से युवाओं की व्यापक भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि खेलो एमपी यूथ गेम्स जैसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
आज का समापन समारोह न केवल प्रतियोगिताओं का अंत होगा, बल्कि यह मध्य प्रदेश के खेल भविष्य के लिए एक नई प्रेरणा भी साबित होगा।





