| |

पीएम मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के बीच बातचीत, द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने पर सहमति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने भारत–वेनेजुएला द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की है। यह सहमति दोनों नेताओं के बीच कल हुई टेलीफोन वार्ता के दौरान बनी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान व्यापार और निवेश, ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, कृषि और जन-संपर्क जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

विकासशील देशों के सहयोग पर जोर

वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति रोड्रिग्ज ने इस बात पर सहमति जताई कि विकासशील देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बेहद आवश्यक है। दोनों नेताओं ने दक्षिण–दक्षिण सहयोग को आगे बढ़ाने और बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे के समर्थन के महत्व को भी रेखांकित किया।

बहुआयामी संबंधों को नई गति

भारत और वेनेजुएला के बीच संबंध ऊर्जा और व्यापार के साथ-साथ अब डिजिटल नवाचार, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि सहयोग जैसे नए क्षेत्रों तक विस्तार पा रहे हैं। कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि इस उच्चस्तरीय संवाद से भारत–लैटिन अमेरिका संबंधों को भी नई गति मिलेगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश आने वाले समय में व्यावहारिक सहयोग और परियोजना-आधारित साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए संपर्क में बने रहेंगे।

Share

Similar Posts