भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, सुपौल में बांग्लादेशी महिला समेत पांच गिरफ्तार

बिहार में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सुपौल जिले के कुनौली सीमा चेक पोस्ट पर गुरुवार देर शाम एक बांग्लादेशी महिला सहित कुल पांच संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कुनौली चेक पोस्ट संख्या-02 (बीपी 223 के पास) पर ड्यूटी के दौरान एसएसबी जवानों ने कुछ लोगों को संदिग्ध हालत में घूमते और जांच से बचने का प्रयास करते हुए देखा। ड्यूटी पर तैनात पोस्ट कमांडर सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए सभी को चेक पोस्ट पर बुलाया और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लोगों की पहचान एती अख्तर (28 वर्ष), निवासी गाजीपुर, बांग्लादेश; मो. शाकिब (25) और मो. बिलाल (25) निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश; तथा प्रमोद प्रसाद (24) और रमेश कुमार, निवासी सप्तरी, नेपाल के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी व्यक्ति नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ में मो. शाकिब ने दावा किया कि उसने करीब तीन वर्ष पहले जॉर्डन में एती अख्तर से विवाह किया था, हालांकि इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं, बांग्लादेशी महिला के पास भारत आने के लिए कोई वैध वीजा भी नहीं पाया गया।
एसएसबी पोस्ट कमांडर एएसआई संजय कुमार ने बताया कि सभी आरोपी संदिग्ध अवस्था में पाए गए और जांच से बचने का प्रयास कर रहे थे। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एसएसबी ने सभी गिरफ्तार व्यक्तियों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कुनौली थाना को सौंप दिया है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर निगरानी और सख्त की गई है, ताकि सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।






