शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव का रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत सपाट स्तर पर मामूली बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में बिकवालों के हावी होने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में चले गए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स करीब 0.70 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो लार्सन एंड टूब्रो, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, ओएनजीसी और एनटीपीसी के शेयर 3.03 प्रतिशत से 1.58 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे थे। वहीं मारुति सुजुकी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज, इंटरग्लोब एविएशन और एशियन पेंट्स के शेयरों में 2.44 प्रतिशत से 1.82 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
अब तक के कारोबार में बाजार में 2,687 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग देखी गई। इनमें से 939 शेयर हरे निशान में रहे, जबकि 1,748 शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स के 30 में से केवल 7 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 23 शेयर गिरावट के दबाव में रहे। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 में से 15 शेयर हरे और 35 शेयर लाल निशान में नजर आए।
बीएसई सेंसेक्स ने आज 24.28 अंक की हल्की बढ़त के साथ 82,368.96 अंक पर कारोबार की शुरुआत की थी। शुरुआती 10 मिनट में यह 82,386.79 अंक तक पहुंचा, लेकिन बिकवाली बढ़ने से यह फिसल गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 575.57 अंक टूटकर 81,769.11 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी ने 2.25 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 25,345 अंक से कारोबार शुरू किया और कुछ देर में 25,359.35 अंक तक पहुंचा। हालांकि, बिकवाली शुरू होते ही निफ्टी अपनी सारी बढ़त गंवा बैठा और सुबह 10 बजे तक 162 अंक गिरकर 25,180.75 अंक पर आ गया।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को बाजार में मजबूती देखने को मिली थी। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 487.20 अंक (0.60%) चढ़कर 82,344.68 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 167.35 अंक (0.66%) की बढ़त के साथ 25,342.75 अंक पर बंद हुआ था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के चलते फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।






