| | |

आज संसद में पेश होगा अर्थव्यवस्था का लेखा-जोखा, 11 बजे दोनों सदनों में रखा जाएगा आर्थिक सर्वेक्षण

देश की अर्थव्यवस्था का वार्षिक लेखा-जोखा आज संसद के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा। आर्थिक सर्वेक्षण 2026 आज सुबह 11 बजे संसद के पटल पर रखा जाएगा। इसे मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन द्वारा लोकसभा और राज्यसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

बजट सप्ताह में केंद्रीय बजट से पहले पेश होने वाला आर्थिक सर्वेक्षण देश की आर्थिक सेहत का विस्तृत खाका पेश करता है। इसमें मुद्रास्फीति, आर्थिक विकास दर, विदेशी मुद्रा भंडार, राजकोषीय स्थिति और मैक्रो-इकोनॉमिक परिदृश्य जैसे अहम आर्थिक संकेतकों का गहन विश्लेषण शामिल होता है। यही कारण है कि बजट 2026 से पहले पूरे देश की निगाहें आज पेश होने वाले इकोनॉमिक सर्वे पर टिकी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ बुधवार से संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो चुकी है। बजट सत्र के पहले चरण में आज आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जा रहा है। इसके बाद रविवार, 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी, जिससे वे एक नया रिकॉर्ड भी बनाएंगी।

आर्थिक सर्वेक्षण को आमतौर पर सरकार की नीतिगत दिशा और प्राथमिकताओं का संकेतक माना जाता है। यह दस्तावेज बजट में प्रस्तावित नीतियों और आर्थिक फैसलों की पृष्ठभूमि को समझने में एक महत्वपूर्ण रेफरेंस प्वाइंट की भूमिका निभाता है। इसे वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के अंतर्गत इकोनॉमिक डिविजन द्वारा तैयार किया जाता है।

आमतौर पर आर्थिक सर्वेक्षण हर साल बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है, लेकिन इस बार इसे बजट से तीन दिन पहले संसद में रखा जा रहा है। संसद में पेश होने के कुछ ही देर बाद आर्थिक सर्वेक्षण को आधिकारिक बजट वेबसाइट Indiabudget.gov.in पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिससे आम नागरिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ इसे विस्तार से अध्ययन कर सकेंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, आज पेश होने वाला आर्थिक सर्वेक्षण 2026 आने वाले वित्तीय वर्ष में सरकार की आर्थिक रणनीति और बजट की दिशा को समझने के लिए बेहद अहम दस्तावेज साबित होगा।

Share

Similar Posts