| |

प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 के चौथे संस्करण का वर्चुअल उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दक्षिण गोवा में आयोजित होने वाले भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 के चौथे संस्करण का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री प्रतिनिधियों को संबोधित भी करेंगे।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, संयुक्त अरब अमीरात के उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. सुल्तान अहमद अल जाबेर, कनाडा के ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन मंत्री टिम हॉजसन सहित अफ्रीका, मध्य पूर्व, मध्य एशिया और वैश्विक दक्षिण के कई वरिष्ठ मंत्री दक्षिण गोवा जिले के बेतुल गांव में आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।

भारत ऊर्जा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना, निवेश को प्रोत्साहित करना और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए व्यावहारिक और व्यापक रूप से लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करना है। यह आयोजन उन नीतियों और तकनीकों पर केंद्रित है जिन्हें विकास के विभिन्न चरणों में मौजूद अर्थव्यवस्थाएं अपना सकें।

तीन दिवसीय इस वैश्विक आयोजन में अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व, अफ्रीका और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। इससे वैश्विक ऊर्जा कूटनीति में भारत ऊर्जा सप्ताह की बढ़ती भूमिका उजागर होगी।

इस कार्यक्रम में 120 से अधिक देशों के लगभग 75 हजार ऊर्जा पेशेवरों के शामिल होने की उम्मीद है, जो इसे दुनिया के प्रमुख ऊर्जा आयोजनों में से एक बनाता है।

Share

Similar Posts