|

हैदराबाद में 28 से 31 जनवरी तक होगा ‘विंग्स इंडिया’, 20 देशों के प्रतिनिधिमंडल लेंगे भाग

एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन कार्यक्रम ‘विंग्स इंडिया 2026’ आगामी 28 से 31 जनवरी तक तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बेगहमपेट हवाई अड्डे पर आयोजित किया जाएगा। इस चार दिवसीय वैश्विक उड्डयन आयोजन का लोकार्पण केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू करेंगे।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, भारत का उड्डयन क्षेत्र वर्तमान में दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन सेक्टरों में शामिल है। ‘विंग्स इंडिया’ कार्यक्रम देश को वैश्विक उड्डयन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस आयोजन में भारत समेत दुनिया भर के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक, नवाचारकर्ता और 20 देशों के मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय विमानन कंपनियों ने हाल के वर्षों में सैकड़ों नए विमान अपने बेड़े में शामिल किए हैं और रिकॉर्ड स्तर पर विमान ऑर्डर दिए हैं।

कार्यक्रम के दौरान भारत की उभरती क्षमताओं जैसे विमान रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (एमआरओ), पायलट प्रशिक्षण, एयरोस्पेस विनिर्माण, कार्गो प्रबंधन और उन्नत हवाई गतिशीलता पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही सतत विमानन ईंधन, हरित हवाई अड्डे और डिजिटल नेविगेशन जैसी पहलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

‘विंग्स इंडिया 2026’ में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी, स्थिर विमान प्रदर्शन, भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और मार्क जेफरीज टीम द्वारा हवाई करतब आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा उच्च स्तरीय वैश्विक सम्मेलन, मंत्री स्तरीय सत्र, ग्लोबल सीईओ फोरम, सीईओ गोलमेज बैठकें, बी2बी और बी2जी मीटिंग्स, विमानन रोजगार मेला और छात्र नवाचार प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में एयरबस, बोइंग, एम्ब्रेयर, एचएएल, डसॉल्ट, रोल्स-रॉयस, एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर सहित कई प्रमुख वैश्विक और घरेलू कंपनियां हिस्सा लेंगी। आयोजन में 150 से अधिक प्रदर्शक, 7,500 व्यावसायिक आगंतुक, एक लाख से ज्यादा सामान्य दर्शक, 200 विदेशी प्रतिनिधि और 500 से अधिक बी2बी-बी2जी बैठकें होने की संभावना है।

Share

Similar Posts