हिमाचल में अगले दो दिन भारी बर्फबारी का येलो-ऑरेंज अलर्ट, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में 23 जनवरी की भारी बर्फबारी के बाद हालात अभी पूरी तरह सामान्य भी नहीं हो पाए हैं कि मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 और 27 जनवरी को प्रदेश में भारी बर्फबारी, बारिश, तेज अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है, जिससे जनजीवन एक बार फिर प्रभावित होने की आशंका है।
पूर्वानुमान के अनुसार 26 जनवरी को प्रदेश के सभी 12 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन तेज हवाओं के साथ मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं 27 जनवरी को हालात और गंभीर होने की संभावना है। चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी और तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि शेष आठ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शिमला, कुफरी, मनाली, डलहौजी और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों में एक बार फिर वादियां बर्फ की सफेद चादर से ढक सकती हैं। 28 और 29 जनवरी को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई औपचारिक अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 30 जनवरी को मौसम साफ रहने और 31 जनवरी को फिर से बदलाव के आसार हैं।
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन बर्फ जमी रहने के कारण परेशानियां बनी हुई हैं। दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 600 से अधिक सड़कें अभी भी बंद हैं। ऊपरी शिमला के रोहड़ू, चौपाल, जुब्बल और कोटखाई क्षेत्रों का संपर्क तीसरे दिन भी जिला मुख्यालय से कटा हुआ है।
बर्फबारी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। प्रदेश में 5,000 से अधिक ट्रांसफार्मर ठप हैं, जिससे कई इलाकों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी हुई है। सबसे ज्यादा 3,315 ट्रांसफार्मर सिरमौर जिले में खराब हुए हैं।
ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। राज्य के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। ताबो में -10 डिग्री, कुकुमसेरी में -7.9, कल्पा में -4 और मनाली-नारकंडा में -1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि मुश्किलों के बीच यह बर्फबारी पर्यटन के लिहाज से फायदेमंद साबित हो रही है। शिमला, मनाली, कुफरी, धर्मशाला और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या बढ़ी है। शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बावजूद इसके, मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले दो दिन प्रदेश के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।






