भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी के साथ किए बांके बिहारी के दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को मथुरा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने ठाकुरजी के चरणों में शीश नवाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद पहली बार ब्रज भूमि पहुंचे नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। मंदिर परिसर में दोनों नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शन उपरांत मंदिर सेवायतों द्वारा उन्हें प्रसाद भेंट किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। इनके साथ मुख्यमंत्री योगी के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी बांके बिहारी के दर्शन किए।
विधायक के आवास पर पहुंचकर व्यक्त की संवेदना
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन जिले के मांट क्षेत्र में विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता के हालिया निधन पर दोनों नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।






