|

यूक्रेन युद्ध समाप्ति पर रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच हुई पहले दौर की त्रिपक्षीय वार्ता

यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच पहले दौर की त्रिपक्षीय वार्ता कल संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबूधाबी में आयोजित की गई। लगभग चार वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन संघर्ष के दौरान यह पहला अवसर है जब तीनों देशों के प्रतिनिधि एक साथ औपचारिक बातचीत की मेज पर बैठे।

अमेरिकी अधिकारियों ने बातचीत को रचनात्मक और सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर सभी पक्षों ने अपने-अपने विचार और चिंताएं खुलकर रखीं। वार्ता का यह दौर आज भी जारी रहेगा, जिसमें युद्धविराम और भविष्य की शांति प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की ने इस वार्ता को महत्वपूर्ण लेकिन प्रारंभिक कदम बताया। पहले दिन की बैठक के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को युद्ध समाप्त करने के लिए वास्तविक इच्छाशक्ति दिखानी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल एक बैठक के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और आज होने वाली बातचीत के परिणामों का भी सावधानीपूर्वक मूल्यांकन किया जाना चाहिए।

हालांकि, शांति वार्ता के रास्ते में कई बड़ी अड़चनें अभी भी बनी हुई हैं। रूस की प्रमुख मांगों में यूक्रेन द्वारा दोनेत्स्क क्षेत्र के लगभग 25 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण छोड़ना शामिल है, जिस पर कीव की ओर से अब तक सहमति के संकेत नहीं मिले हैं। यही मुद्दा वार्ता में सबसे संवेदनशील और जटिल माना जा रहा है।

गौरतलब है कि यह त्रिपक्षीय बातचीत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेयर्ड कुशनर के बीच मॉस्को में हुई लंबी बैठक के बाद संभव हो सकी है। इस पृष्ठभूमि ने वार्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नह्यान ने इस शांति वार्ता की शुरुआत का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए तनाव कम करना बेहद आवश्यक है, और इसका एकमात्र रास्ता निरंतर संवाद और कूटनीतिक प्रयास हैं। यूएई ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Share

Similar Posts