टी20 वर्ल्ड कप 2026: एडम मिल्ने चोट के कारण बाहर, काइल जैमीसन को न्यूजीलैंड टीम में शामिल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह काइल जैमीसन को मुख्य वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में बताया गया कि मिल्ने को चोट पिछले सप्ताहांत एसए 20 लीग के दौरान गेंदबाजी करते समय लगी। स्कैन रिपोर्ट में बाईं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव (टियर) की पुष्टि होने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया।
काइल जैमीसन पहले फरवरी–मार्च में भारत और श्रीलंका दौरे के लिए ट्रैवलिंग रिजर्व चुने गए थे। मिल्ने के बाहर होने के बाद जैमीसन को सीधे मुख्य टीम में प्रमोट कर दिया गया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने मिल्ने के बाहर होने पर दुख जताते हुए कहा,
“एडम के लिए हम सभी बेहद दुखी हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए बहुत मेहनत की थी और ईस्टर्न केप सनराइजर्स के लिए खेले गए आठ मैचों में अपनी बेहतरीन लय में थे। यह उनके लिए दुर्भाग्यपूर्ण समय है, हम उनकी जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले मिल्ने का बाहर होना न्यूजीलैंड के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, लेकिन लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन के शामिल होने से टीम को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






