डाक विभाग का चालू वित्त वर्ष में 30% राजस्व वृद्धि का लक्ष्य, 17,546 करोड़ रुपये का टारगेट

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि डाक विभाग (India Post) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व में 30 फीसदी वृद्धि का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। विभाग का लक्ष्य 17,546 करोड़ रुपये का है, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 13,240 करोड़ रुपये की तुलना में एक ही वर्ष में करीब 30 फीसदी अधिक है।
डाक विभाग की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर) समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सिंधिया ने बताया कि विभाग के छह में से पांच क्षेत्रों में राजस्व वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, अमेरिकी सरकार के प्रतिबंधों के चलते अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं से होने वाला राजस्व फिलहाल स्थिर बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 में डाक विभाग का कुल राजस्व 12,800 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 13,240 करोड़ रुपये हुआ। यह केवल 3 फीसदी की वृद्धि थी, लेकिन अब विभाग ने इसे दस गुना बढ़ाकर 30 फीसदी करने का लक्ष्य तय किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में डाक विभाग सरकार के लिए एक व्यय केंद्र (Cost Centre) है, लेकिन अगले चार से पांच वर्षों में इसे लाभ केंद्र (Profit Centre) में बदलने की योजना है। पिछले वित्त वर्ष की तीन तिमाहियों में विभाग का राजस्व 9,300 करोड़ रुपये था, जबकि इस वर्ष समान अवधि में यह बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया है, जो करीब 9 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है।
सिंधिया ने बताया कि डाक व्यवसाय में चौथी तिमाही का विशेष महत्व होता है। पिछले साल तीन तिमाहियों में जहां 9,300 करोड़ रुपये का राजस्व था, वहीं पूरे वर्ष में यह बढ़कर 13,240 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह चालू वित्त वर्ष में भी चौथी तिमाही में बड़ी राजस्व वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि डाक पत्र सेवा से होने वाला राजस्व लगभग स्थिर है और यह 1,625 करोड़ रुपये पर बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय पत्र सेवा में अमेरिकी बाजार से जुड़ी चुनौतियों के कारण सीमित वृद्धि हुई है। वहीं, एक अन्य खंड में 12 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
नागरिक-केंद्रित सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इन सेवाओं से होने वाला राजस्व पिछले वर्ष की तीन तिमाहियों के 328 करोड़ रुपये से बढ़कर इस वर्ष 641 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 95 फीसदी की वृद्धि है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि डाक विभाग पार्सल बिजनेस को तेजी से बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहा है और इसके लिए कई निजी कंपनियों के साथ साझेदारी की गई है। प्रदर्शन के लिहाज से कर्नाटक सर्कल ने तीसरी तिमाही का लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि पंजाब सर्कल ने 81 फीसदी लक्ष्य पूरा किया है। इसके अलावा, 15–16 सर्कल 60 से 80 फीसदी के बीच प्रदर्शन कर रहे हैं और नौ सर्कल को अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही है।






