मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर दिल्ली जा रही बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई, हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार स्लीपर बस (UP 90 AT 8837) बांदा से दिल्ली जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अचानक चलती बस में आग लग गई। बस में उस समय करीब 35 से 40 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया।
आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अफरातफरी के माहौल में कुछ यात्रियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। एक यात्री द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंची।
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी रवि भूषण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने का कारण टायर फटना माना जा रहा है।
आग लगने की वजह से यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में यातायात सामान्य कर दिया गया। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।






