| |

मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, 23–24 जनवरी को बारिश के आसार, 10 जिलों में रहेगा असर

मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में 23 और 24 जनवरी को मावठा गिरने यानी बारिश की संभावना जताई गई है। इसका असर खासतौर पर ग्वालियर और रीवा संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जो 21 जनवरी की रात उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसी सिस्टम के कारण 23 और 24 जनवरी को मध्य प्रदेश में बारिश की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है, जिसके चलते नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बादल छाए रहे।

उत्तर भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 241 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जिसका प्रभाव प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश के करीब 10 जिलों में बारिश और सुबह-रात के समय कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

इन जिलों में दिखा कोहरा

बुधवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित कई शहरों में हल्का कोहरा देखने को मिला।

फिर बढ़ सकती है ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में ठंड का एक और दौर लौट सकता है। जनवरी के अंतिम दिनों में तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर चलने की संभावना है। फिलहाल दिन में हल्की धूप से ठंड का असर कम रहेगा, लेकिन रातें ठंडी बनी रहेंगी।

बारिश का संभावित पूर्वानुमान

  • 23 जनवरी: ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया

  • 24 जनवरी: ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज

मंदसौर रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार रात मंदसौर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  • राजगढ़: 6.6°C

  • शाजापुर: 7.1°C

  • दतिया: 8.6°C

  • शिवपुरी: 9°C

  • मंडला/खजुराहो: 9.5°C

बड़े शहरों में भोपाल (9.8°C), इंदौर (8.4°C), ग्वालियर (10°C), उज्जैन (9.8°C) और जबलपुर (14.5°C) न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Share