‘मर्दानी 3’ का नया गाना रिलीज़, रानी मुखर्जी फिर बनीं ‘बब्बर शेरनी’

यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी रानी मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मर्दानी 3’ से नया गाना ‘बब्बर शेरनी’ रिलीज कर दिया गया है। इस दमदार गीत के साथ रानी मुखर्जी एक बार फिर निडर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में अपने ‘मर्दानी’ अंदाज़ में लौट आई हैं।

30 जनवरी 2026 को रिलीज होगी ‘मर्दानी 3’

ब्लॉकबस्टर मर्दानी फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त 30 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। इस बार कहानी एक क्रूर सामाजिक अपराध के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां शिवानी शिवाजी रॉय समय के खिलाफ जंग लड़ते हुए 93 लापता लड़कियों को बचाने के मिशन पर निकलती हैं।

‘बब्बर शेरनी’ में दिखी महिला शक्ति की गूंज

नया गाना ‘बब्बर शेरनी’ रानी मुखर्जी की पावरफुल मौजूदगी और उनके किरदार की अडिग सोच को दर्शाता है। यह गीत उन महिलाओं को सलाम करता है, जो हर परिस्थिति में साहस और मजबूती के साथ खड़ी रहती हैं।

इस गीत को सार्थक कल्याणी ने कंपोज़, प्रोड्यूस और अरेंज किया है, जबकि इसके बोल श्रुति शुक्ला ने लिखे हैं। गाने में डी एमसी का प्रभावशाली रैप सेगमेंट भी शामिल है, जो इसके तेवर को और धार देता है।

रानी मुखर्जी ने क्या कहा ‘बब्बर शेरनी’ पर

रानी मुखर्जी ने गाने को लेकर कहा कि ‘बब्बर शेरनी’ मर्दानी की आत्मा को आवाज़ देता है। उनके अनुसार, यह सिर्फ एक प्रमोशनल ट्रैक नहीं बल्कि शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार का भावनात्मक और वैचारिक विस्तार है, जो यह बताता है कि असली मायनों में ‘मर्दानी’ होने का अर्थ क्या है।

सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित है मर्दानी फ्रेंचाइजी

फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, जबकि इसे आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है।
जहां ‘मर्दानी’ ने मानव तस्करी की भयावह सच्चाइयों को उजागर किया था, वहीं ‘मर्दानी 2’ में एक सीरियल अपराधी की खौफनाक मानसिकता को दिखाया गया। अब ‘मर्दानी 3’ समाज की एक और अंधेरी सच्चाई से पर्दा उठाने के लिए तैयार है।

‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share

Similar Posts