|

वीबी-जी-राम-जी कानून गरीबों के खिलाफ, सत्ता को केंद्रीकृत कर रही है मोदी सरकार : राहुल गांधी

अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वीबी-जी-राम-जी कानून को गरीबों के खिलाफ बताते हुए कहा कि सरकार गरीबों के बजाय नौकरशाहों को प्राथमिकता दे रही है और सत्ता को केंद्रीकृत करना चाहती है।

मनरेगा के स्थान पर नया कानून गरीबों के हितों पर हमला

पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के विकसित भारत–जी राम जी कानून 2025 के विरोध में कांग्रेस देशभर में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार और सम्मानजनक मजदूरी देना था, लेकिन मौजूदा सरकार इस योजना को कमजोर कर रही है।

गरीबों से सुरक्षा कवच छीना गया

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वे सत्ता को अपने हाथों में केंद्रित करना चाहते हैं और उसे नौकरशाही को सौंप रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्ट में सुधार के नाम पर गरीबों का सुरक्षा कवच हटाया गया है और मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना उनका अपमान है।

उमरन गांव में मनरेगा चौपाल को किया संबोधित

राहुल गांधी के दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम ऊंचाहार के उमरन गांव में आयोजित मनरेगा चौपाल रहा। चौपाल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान मनरेगा की सोच पंचायतों को सशक्त करने और गरीबों को तय मजदूरी देने की थी, ताकि किसी को भी कम मेहनताना न मिले।

मोदी सरकार पर पूंजीपतियों को बढ़ावा देने का आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार देश का पैसा अडाणी और अंबानी को देने में लगी है, जबकि कांग्रेस गरीबों और मजदूरों की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की मूल भावना को खत्म कर दिया गया है और कांग्रेस इसे बचाने के लिए पूरे देश में आंदोलन कर रही है।

विकास कार्यों का लोकार्पण और जनसंपर्क

इस अवसर पर सांसद के.एल. शर्मा, पूर्व विधायक अजयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले राहुल गांधी ने भएमऊ गेस्ट हाउस में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और स्थानीय नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने 31 विकास कार्यों का लोकार्पण, 8 नए कार्यों का शिलान्यास किया और रायबरेली प्रीमियर लीग का उद्घाटन भी किया।

Share

Similar Posts