ग़ज़ा में स्थायी शांति के लिए ट्रंप का पीएम मोदी को निमंत्रण, ‘शांति बोर्ड’ में शामिल होने का प्रस्ताव

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग़ज़ा में स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से गठित “शांति बोर्ड” (Peace Board) में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। यह पहल मध्य-पूर्व में लंबे समय से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कदम मानी जा रही है।
इस संबंध में राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को एक औपचारिक पत्र भेजा, जिसमें उन्होंने ग़ज़ा में शांति बहाली के लिए भारत की भूमिका को अहम बताया है। ट्रंप ने पत्र में कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की साख और प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व शांति प्रयासों को मजबूती प्रदान कर सकता है।
इस पत्र को भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह आमंत्रण सार्वजनिक हुआ। पोस्ट में कहा गया कि यह शांति बोर्ड ग़ज़ा क्षेत्र में स्थायी, संतुलित और व्यावहारिक समाधान की दिशा में काम करेगा।
कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रधानमंत्री मोदी इस शांति बोर्ड में शामिल होते हैं, तो इससे भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती मिलेगी और भारत की वैश्विक शांति मध्यस्थ के रूप में भूमिका और सशक्त होगी।
भारत पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शांति, संवाद और मानवीय मूल्यों का समर्थन करता रहा है। ऐसे में यह निमंत्रण भारत की बढ़ती वैश्विक प्रभावशीलता का संकेत माना जा रहा है।






