ए.आर. रहमान ने विवादित बयान पर दी सफाई, कहा- मेरा उद्देश्य कभी नफरत फैलाना नहीं था

दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान ने अपने हालिया विवादित बयान पर सफाई दी। बॉलीवुड में सांप्रदायिक भेदभाव को लेकर दिए गए उनके बयान के बाद सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में बहस तेज हो गई थी।
रहमान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा कि उनके शब्दों को गलत तरीके से समझा गया। उनका उद्देश्य कभी किसी की भावनाओं को आहत करना या नफरत फैलाना नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पूरा जीवन और करियर हमेशा संगीत और एकता, सम्मान और सांस्कृतिक सौहार्द के पक्ष में रहा है।
उन्होंने अपनी हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनका फोकस हमेशा कला और देश के गौरव को आगे बढ़ाने पर रहा है। इसमें वेव समिट में ‘जला’ की प्रस्तुति, नागालैंड के युवा संगीतकारों के साथ काम और बहुसांस्कृतिक वर्चुअल बैंड ‘सीक्रेट माउंटेन’ शामिल हैं। इसके अलावा, हैंस जिमर के साथ फिल्म ‘रामायण’ के लिए संगीत तैयार करना भी उनके लिए गर्व का विषय है।
अपने संदेश के अंत में ए.आर. रहमान ने भारत के प्रति आभार जताया और कहा कि संगीत उनके लिए हमेशा देश की एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक रहेगा, न कि किसी भी तरह की कड़वाहट या विभाजन का।






