बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार: सुमेरु पीठाधीश्वर सरस्वती ने मोदी सरकार से सुरक्षा की मांग की

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और अन्य अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न को लेकर शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि मोदी सरकार को तुरंत आगे आकर सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो सेना भेजकर हिन्दुओं और सनातनियों की सुरक्षा करनी होगी।
शंकराचार्य ने मौनी अमावस्या के मौके पर माघ मेला प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बांग्लादेश में सनातनियों की जनसंख्या लगभग एक करोड़ दस लाख है। उनकी सुरक्षा के लिए पांच लाख हथियारबंद लोग तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश में रहने वाले गैर-मुस्लिम अल्पसंख्यक जैसे ईसाई, यहूदी, बौद्ध भी खुलेआम सताए जा रहे हैं। विश्व मानवाधिकार समुदाय और बड़े देश इस पर मौन साधे हुए हैं।
शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने चेतावनी दी कि यदि हिंदुओं की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो विश्व के सनातन धर्म के रक्षक सैनिक नागा संन्यासी और साधु-संत बांग्लादेश कूच करने को मजबूर होंगे।
सुमेरु पीठाधीश्वर ने कहा कि यह केवल हिंदुओं के लिए ही नहीं बल्कि सभी अल्पसंख्यकों के अधिकारों और उनके जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए।






