नेपाली कांग्रेस में विभाजन पर बवाल, फैसले को रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में रिट दायर

नेपाली कांग्रेस में जारी आंतरिक विभाजन को लेकर सियासी संकट और गहरा गया है। गगन थापा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस को मान्यता देने के फैसले को रद्द कराने की मांग करते हुए शेरबहादुर देउवा पक्ष ने सर्वोच्च अदालत में रिट याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई 20 जनवरी को तय की गई है।
सर्वोच्च अदालत के प्रवक्ता अर्जुन कोइराला ने रिट के पंजीकरण की पुष्टि करते हुए बताया कि याचिका दायर हो चुकी है। हालांकि, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण इसकी पेशी मंगलवार को होगी।
इस विवाद का सीधा असर प्रतिनिधि सभा चुनाव पर पड़ता दिख रहा है। निर्वाचन आयोग ने 20 जनवरी को उम्मीदवारों के नामांकन की तिथि निर्धारित की है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर जारी टकराव नामांकन से पहले सुलझने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
गौरतलब है कि 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए अधिकांश राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप दे चुके हैं।
नेकपा (एमाले) और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) ने लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए हैं।
वहीं, राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (रास्वपा) ने भी उम्मीदवार चयन को लेकर केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई है। अन्य राजनीतिक दल भी चुनावी तैयारियों के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।
कांग्रेस के भीतर स्थिति यह है कि अध्यक्ष गगन थापा पुराने सिफारिशों के आधार पर उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में हैं। दूसरी ओर, देउवा गुट ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर लेने के कारण अभी तक उम्मीदवार उतारने या न उतारने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान नहीं हुआ, तो इसका नेपाली कांग्रेस की चुनावी रणनीति और प्रदर्शन पर गहरा असर पड़ सकता है।





