आज से शुरू हुआ दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र, प्रदूषण और CAG रिपोर्ट पर होगी चर्चा

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है, जो 8 जनवरी तक चलेगा। सत्र के दौरान राजधानी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें बढ़ता प्रदूषण, पर्यावरण से जुड़े विषय, शीश महल परियोजना और दिल्ली जल बोर्ड से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट प्रमुख हैं।
सत्र से पहले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा परिसर का निरीक्षण किया और प्रशासनिक, तकनीकी तथा डिजिटल व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शीतकालीन सत्र का मुख्य उद्देश्य सदन की मर्यादा बनाए रखते हुए कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विधायक जनहित के मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा करेंगे।
इस सत्र की एक खास बात यह है कि विधायक अपनी-अपनी मेज पर लगे आईपैड के माध्यम से राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा) का उपयोग करेंगे। इससे विधायी कार्य में पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता सुनिश्चित होगी और डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा।






