| |

भारत 2027 तक बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: केंद्रीय मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत वर्ष 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। गुजरात के अहमदाबाद में विश्व उमिया धाम में आयोजित युवा व्यापार बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति अभूतपूर्व है और देश तेज़ी से वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।

अमित शाह ने बताया कि भारत का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 4 खरब 19 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है और आने वाले समय में देश जल्द ही 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में दुनिया का लगभग 50 प्रतिशत डिजिटल वित्तीय लेनदेन भारत में हुआ, जो डिजिटल इंडिया अभियान की बड़ी सफलता को दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के गोधावी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम “नमोत्सव” में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

इससे पहले अहमदाबाद में भारतीय चिकित्सा संघ द्वारा आयोजित आईएमए नेटकोन 2025 को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि देश में स्वास्थ्य ढांचे का विकास समग्र दृष्टिकोण के साथ किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में नवा वंजार में 330 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और पुनर्वासित निवासियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

Share

Similar Posts