|

पीएम मोदी ने भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को किया नमन, कहा– किसानों के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र की प्रगति, किसानों की समृद्धि और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए चौधरी चरण सिंह के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में चौधरी साहब का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित वर्गों के उत्थान, कृषि विकास और किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित कर दिया। कृतज्ञ राष्ट्र उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।

इस अवसर पर जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने छोटे किसानों के लिए जो कार्य किए, उन्हें देश कभी नहीं भूल सकता। उन्हीं से प्रेरणा लेकर आज सरकार किसानों को सशक्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती और मिलेट्स को बढ़ावा देने के पीछे भी किसानों की आय बढ़ाने की यही सोच है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों की समृद्धि और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित कर दिया। उनकी सरकार भी किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उत्तर प्रदेश की धरती के इस महान सपूत का सम्मान करना देश के करोड़ों किसानों और मजदूरों का सम्मान है।

उल्लेखनीय है कि चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नूरपुर गांव में हुआ था। वे भारत के पांचवें प्रधानमंत्री रहे और किसानों के अधिकारों तथा ग्रामीण विकास के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उत्तर प्रदेश में भूमि सुधारों का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है, जिसने ग्रामीण समाज को नई दिशा प्रदान की।

Share

Similar Posts