समूह सदस्य बनीं बैंक सखियाँ, गांवों में बढ़ेगी बैंकिंग सुविधा

सेवा सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देशन में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को स्वरोजगार से जोड़ने और गांवों में बैंकिंग सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आर-सेटी) केंद्र के माध्यम से कुल 27 समूह सदस्यों का 10 दिवसीय बैंक सखी प्रशिक्षण पूर्ण कराया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों ने इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग एंड फाइनेंस (IIBF) की परीक्षा ई-दक्ष केंद्र पर दी और सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुईं।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद समूह सदस्य अब विभिन्न बैंकों के कियोस्क सेंटर संचालित करने की पात्र हो गई हैं। इससे जहां उनकी और उनके परिवार की आजीविका में वृद्धि होगी, वहीं गांवों में बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं भी आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के लखपति दीदी अभियान और सेवा संकल्प अभियान के तहत यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आय में वृद्धि करना और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा सुलभ बनाना है।

Share

Similar Posts