विदेश मंत्री एस. जयशंकर फ्रांस और लक्ज़मबर्ग की आधिकारिक यात्रा पर रवाना, रणनीतिक साझेदारी पर होगी अहम बातचीत

नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहण्यम जयशंकर फ्रांस और लक्ज़मबर्ग की एक सप्ताह की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत के प्रमुख यूरोपीय साझेदार देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना तथा वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग को आगे बढ़ाना है।
यात्रा के पहले चरण में विदेश मंत्री पेरिस में फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यांग नोएल बारोत से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच भारत–फ्रांस रणनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग, आर्थिक संबंधों और अंतरराष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा डॉ. जयशंकर फ्रांस के राजदूतों के 31वें सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे, जहां वे भारत की विदेश नीति और वैश्विक दृष्टिकोण को साझा करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में विदेश मंत्री लक्ज़मबर्ग पहुंचेंगे, जहां वे उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री जेबियर बीटल के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस दौरान भारत–लक्ज़मबर्ग संबंधों, वित्तीय सहयोग और यूरोपीय संघ से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही विदेश मंत्री लक्ज़मबर्ग में प्रवासी भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा यूरोप में भारत की कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका को और सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






