राष्ट्रपति मुर्मु ने इम्फाल में नू पी लाल स्मृति परिसर का दौरा किया, वीरांगनाओं को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मणिपुर की राजधानी इम्फाल में नू पी लाल स्मृति परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मु मणिपुर की दो दिन की यात्रा पर हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सेनापति जिले में जनसभा को भी संबोधित किया और जिले की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। कल इम्फाल में उन्होंने कुल 1,387 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय विकास, सड़क, कृषि, बिजली और पेयजल से संबंधित हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य का बुनियादी ढांचा बेहतर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार मणिपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
साथ ही उन्होंने मणिपुर में हुई हिंसक घटनाओं में लोगों की मृत्यु को दुखद बताते हुए कहा कि राज्य की जनता की सुरक्षा और चिंता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा मणिपुर में विकास परियोजनाओं को गति देने और नागरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






