भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल दौरे पर, चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा और पार्टी की जमीनी स्थिति का आकलन करना है।
अपने प्रवास के दौरान श्री नड्डा भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न जिला स्तरीय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर जमीनी फीडबैक लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आज कई संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें चुनावी रणनीति, बूथ स्तर की मजबूती और जनसंपर्क अभियानों पर विशेष चर्चा होगी।
जेपी नड्डा अपने दौरे के दौरान भाजपा डॉक्टर्स सेल के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। इस बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सहभागिता और पार्टी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
भाजपा नेतृत्व इस दौरे को संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के रूप में देख रहा है। पार्टी का फोकस इस बार जमीनी संगठन, स्थानीय मुद्दों और प्रभावी संवाद पर केंद्रित बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पिछले महीने पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कर चुनावी रोडमैप पर चर्चा की थी।
जेपी नड्डा का यह दौरा साफ संकेत देता है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है और संगठन को हर स्तर पर सक्रिय किया जा रहा है।






