बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची आज होगी जारी

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची आज जारी की जाएगी। राज्य में होने वाले चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर संपन्न होंगे। निर्वाचन आयोग इसे ऑनलाइन जारी करेगा और दोपहर तक यह उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची की प्रतियां सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों-सह-जिला मजिस्ट्रेटों को उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी यह सूची प्रदान की जाएगी।
विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद इस वर्ष 1 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया गया था, जिसमें 7 करोड़ 24 लाख से अधिक मतदाता शामिल थे। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में यह संख्या 7 करोड़ 89 लाख थी। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मृतक, स्थानांतरित और डुप्लिकेट नाम हटाए गए, जबकि 16 लाख 59 हजार नए पात्र मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया।






